Friday, April 30, 2010

अपने बारे में.........

कोई महानता नहीं ,कोई विद्वता नहीं ,न कोई प्रसिध्द परिवार से सम्बन्ध .साधारण परिवार में जन्म ,हाँ कुछ संस्कार जरूर मिले .अपने मात पिता और गुरुजनों का आभारी हूँ इसके लिए ।
सरल ,सहज ,आडम्बर विहीन जीवन जीने में विश्वास रहा .सुरुचि पूर्ण भोजन एवं रुचिकर चर्चा एवं साहित्य से निकटता .धर्म ,दर्शन ,आध्यात्म एवं मानव मूल्यों पर आधारित साहित्य पहली पसंद .व्यर्थ की बहस ,विवाद से परहेज .स्वभाव अनुरूप विषयों पर संवाद पर प्रसन्नता ।
यथा संभव प्रसन्नचित एवं आनंदित रहना .अंतर्मुखी होने के कारण मिलने जुलने एवं लोगों से निकटता बनाने में संकोच .मन अनुरूप न हो तो थोडा क्रोध ,थोड़ी उद्विग्नता .संवेदनशीलता एवं भावुकता स्वभाव में ज्यादा .न काहू से दोस्ती न काहू से बैर ,का सिध्दांत ले अपने में मग्न ।
अब ब्लॉगर साथी है ,जिससे अपनी भोगी ,अपनी कही अनकही बाँट रहा हूँ .इसके माध्यम से सुधि जनों से ध्यान की अपेक्षा रखता हूँ .प्रेरणा ,सुझाव और आशीर्वचन का अभिलाषी हूँ ।
शेष फिर .......

Wednesday, April 28, 2010

मन को भाती पंक्तियाँ .....

१ ......भगवान बुध्द ने कहा है - "यदि तुम ईर्ष्या ,द्वेष ,घृणा ,निराशा एवं क्रोध के भावों से भरे रहोगे ,तो जीवन की समस्त अद्भुद्ताओं के साक्षात्कार से वंचित रहोगे ।"
पढ़िए और जीवन में आगे बढिए .जीवन का आनंद लीजिये ।
२ .......कविवर रवींद्र वाणी - " देश की माटी ,देश का जल ,
हवा देश की ,देश के फल ,
सरस बनें प्रभु सरस बनें ।
देश के घर ,देश के घाट ,
देश के वन ,देश के बाट ,
सरल बनें प्रभु सरल बनें ।
देश के तन ,देश के मन ,
देश के घर के भाई बहन ,
विमल बनें प्रभु विमल बनें ."

गुनगुनाइए यह प्रार्थना और अपने भारतको तदनुसार देखिये .

Sunday, April 25, 2010

स्मृति शेष है.....

हम लोग भोपाल साथ साथ आये ,साथ साथ प्रशिक्षण लिया एवं भेल संस्थान में साथ साथ सेवा में आये .अच्छा सम्बन्ध रहा इतने दिनों ,लगभग चालीस साल ।
एक इमानदार ,साहसी ,कर्मठ एवं मिलनसार संक्षेप में यही परिचय है उसका .शुरू में हम लोगों का नजदीकी सम्बन्ध रहा ,बाद में विभाग परिवर्तन के बाद यदा कदा ही मिलना जुलना रहा ,मिलते तो गले मिलकर ।
दो दिन पूर्व उसका देहावसान हुआ .उसके साथ बिताये क्षण आज याद आ रहे हैं .उसके सेवा निवृत्ति के भी अभी लगभग दो वर्ष थे .कब किसका बुलावा आ जाये ,कहा नहीं जा सकता ।
अब तो उसकी स्मृतियाँ शेष हैं .प्रभु से प्रार्थना है ,उसकी आत्मा को शुभ गति दे,उसे शांति मिले .

Wednesday, April 21, 2010

धरती रहेगी ,हम रहेंगे ....

h२२ अप्रेल पृथ्वी दिवस पर -
धरती की कराह.
रही अनसुनी सी ,
किसे है परवाह ।
कटते पेड़ ,उजड़ते जंगल ,
टूटते ,ढहते पहाड़ ,यंत्रों से ,
मानो होता दंगल।
प्रदूषित होते ,समुद्र और नदियाँ ।
बढते कदम विकास के ,
मनाई जाती खुशियाँ ।
माटी,पानी ,हवा में ,
निरंतर घुलता जहर ।
सांस लेना हो रहा दूभर ।
गाँव हो या शहर ।
प्रकृति का चेहरा भी ,
आज है बदला ।
सूखा अकाल और न जाने ,
क्या उसका स्वरूप हो अगला ।
बहुत हो चुका,
बाजारवाद का खेल ।
बचाएं प्रकृति ,बचाएं धरती ,
अब तो करें इनसे मेल ।
धरती की पीड़ा को ,
अब तो समझें ।
उसे चुनौती देकर ,
अपने जीवन ,अपने भविष्य से ,
न उलझें ।
धरती की सुरक्षा ,
हमारा मूल मन्त्र बने ।
माँ है हमारी यह ,
यह भाव मन में सने ।
आइये इसे हरा भरा करें ।
विनाश से इसे बचाएं ।
पेड़ लगाकर ,प्रदूषण हटाकर ,
मानव अस्तित्व को ,
सुखद और खुश हाल बनायें ।
धरती रहेगी ,हम रहेंगे ,
सन्देश जन ,जन को बताएं .

Tuesday, April 20, 2010

जब आवे संतोष धन .....

किसी कवि ने लिखा है - गो धन गज धन ,बाजि धन ,और रतन धन खान ।
जब आवे संतोष धन ,सब धन धूरि समान ॥ आज जब लोगों के पास बहुत कुछ है ,वह संपन्न ,साधन युक्त है पर वह खुश और संतुष्ट नहीं दिखाई पड़ता .निरंतर दूना ,चौगना करने के फेर में अपनी सुख शांति खो रहा है .महत्वाकांक्षा तो होना चाहिए पर अपनी चादर को देख कर .आज बाजार वाद ने हमारी सोच ही बदल दी है .कर्ज लेकर घी पियो ,इस तरह की प्रवृत्ति बढ़ रही है ।
हमने अपने माता पिता को देखा है ,सदा संतुष्टि का भाव लिए .साधारण परिवार था हमारा .थोड़ी सी आय में उन्होंने सुचारू रूप से गृहस्थी चलाई .शायद उनके गुणों का प्रभाव हम पर हुआ .यथास्थिति हमने व्यवहार किया .जैसी आय वैसा खर्च ,जीवन में यही सिद्धांत बना कर रखा .हमारे पड़ोसियों के पास क्या है ,न सोच कर अपनी उपलब्धियों पर संतोष करते रहे ।
कभी अमिताभ बच्चन ने भी अपने पिता की कही पंक्तियाँ याद किया था - अपने मन की हो जाये तो ठीक ,न हो तो और अच्छा .कितनी संतुष्टि का भाव है .उनके पिता श्री हरिवंश राय बच्चन ने जीवन में बहुत संघर्ष किया था स्वयं अमिताभ की भी जीवन गाथा संघर्ष से भरी हुई है .अपने पिता से अमिताभ ने बहुत कुछ सीखा है ,और वे बखान भी करते रहते हैं ।
पुरानी कहावत है - संतोषी सदा सुखी ।
अपनी सामर्थ्य भर कमाया ,उसका आनंद से उपभोग किया .जरूरी चीजों के लिए थोडा उधार भी किया ,आज इससे उबरने की स्थिति है .अपनी उपलब्धि पर संतोष है ,खुशी है और गर्व भी .ईश्वर ने बहुत कुछ दिया शक्ति से ज्यादा और दिया संतोष का भाव .सचमुच यदि हमें संतोष का महत्त्व समझ आ जाये तो सारा धन धूल के समान हो जाये . गुरुजनों एवं माता ,पिता के आशीर्वाद से हमें बहुत कुछ मिला ,शक्ति से ज्यादा ,यह हमें संतोष देता है ।
सचमुच ,जब आवे संतोष धन सब धन धूरि समान सार्थक पंक्तियाँ हैं ,जीवन की मार्गदर्शक हैं .प्रेरणा स्त्रोत हैं .
जब अवे संतोष धन

Sunday, April 18, 2010

आदमी को आदमी के प्यार से बांधो .

विद्यार्थी जीवन में हमारे विद्यालय का वातावरण बहुत कुछ साहित्यिक और सांस्कृतिक था .कितने कार्यक्रम हमारे विद्यालय में होते थे ,याद कर आज भी उस पर गर्व होता है .विद्यालय ने सचमुच हमें एक अच्छा विद्यार्थी बनाया .साहित्यिक माहौल वाले अपने विद्यालय की दीवार में लिखी एक कविता आज भी मुझे याद है जिसमे प्रेम की महिमा गायी गई है ।
पूर्णिमा के चाँद को ,ज्वार से बांधो।
सांप को बीन की झंकार से बांधो ।
बांधना गर आदमी को चाहते हो ,
तो आदमी को आदमी के प्यार से बांधो ।
गांधी विचार धारा से प्रेरित हमारे विद्यालय ने हमें बहुत कुछ दिया .धैर्य ,अनुशासन ,आदर सम्मान के भाव और प्रेम हमारे विद्यालय की ही हमको देन है . मानव मूल्यों की पहचान हमें उसी ने दिया .कबीर ,तुलसी ,मीरा ,नानक आदि को हमने भली भांति आत्मसात किया .विद्यालय एवं उसके गुरुजन सचमुच में हमारे लिए आदर्श रहे ,उसका प्रभाव आज तक हमारे मन में है .
मैं आभारी हूँ अपने विद्यालय एवं अपने गुरुजन का ,जो कुछ बन सका या कुछ अच्छा कर सका .